– 50 जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली :- देश के 4 राज्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश जारी है। हालांकि, छह राज्यों में तेज गर्मी हो रही है। हरियाणा और दिल्ली में पारा 43°C से ज्यादा दर्ज किया गया।
यूपी में मानसून की एंट्री के लिए सिस्टम एक्टिव हो गया है। सोमवार को लखनऊ समेत 15 जिलों में तेज बारिश हुई। मिर्जापुर में बारिश के बाद अंडरपास में करीब 3 फीट पानी भर गया।
फिरोजाबाद के गांव में ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिर गया, हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। 2 लोग घायल हैं। बस्ती और महराजगंज में बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई।
बिहार के 15 जिलों में सोमवार को आंधी के साथ बारिश हुई। सीतामढ़ी, मुंगेर और पटना में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। 24 लोग झुलस गए।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा में सोमवार शाम बिजली गिरने से 2 बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। मध्य प्रदेश में सोमवार को 12 जिलों में बारिश हुई।
मानसून ने 24 जून को मध्य प्रदेश-गुजरात में एंट्री ली थी। अब तक 22 राज्यों को कवर किया, लेकिन इसके बाद से आगे नहीं बढ़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जुलाई मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा।
असम में बाढ़, 22 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित
अरुणाचल प्रदेश और असम के कई हिस्सों में लगातार बारिश की वजह से बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। अरुणाचल में बारिश से लेकू नदी उफान पर आ गई, जिससे असम के जोनाई इलाके में भीषण बाढ़ आ गई। नेशनल हाईवे-515 भी डूब गया।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, बाढ़ से राज्य के छह जिलों में 22 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा असर धेमाजी जिले में पड़ा है, जहां करीब 16 हजार लोग प्रभावित हैं। बाढ़ से 96 गांव डूब गए हैं, करीब 1690 हेक्टेयर फसल और 48 हजार से ज्यादा जानवर प्रभावित हुए हैं।
मध्य प्रदेश के बैतूल, छिंदवाड़ा समेत 50 जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट है। 5 जिलों बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में 100mm तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 2 जुलाई से नया सिस्टम बन रहा है। इसके असर से और तेज बारिश की स्थिति बनेगी।




