– तत्काल शिक्षक भर्ती करने की मांग
भंडारा :- जिले की जिला परिषद स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी का मुद्दा गंभीर होता जा रहा है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला परिषद की शिक्षा एवं खेल समिति ने शासन से तत्काल शिक्षक भर्ती करने की मांग की है। हाल ही में सभापति नरेश ईश्वरकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में एकमत से प्रस्ताव पारित कर जिले के सभी रिक्त शिक्षक पदों को जल्द भरने की मांग की गई। बैठक में खुलासा हुआ कि जिले में करीब 700 शिक्षक पद रिक्त हैं, जबकि 50 प्राथमिक स्कूल ऐसे हैं जहां एक भी शिक्षक कार्यरत नहीं है। समिति सदस्यों ने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों से रिक्त पदों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के बच्चे जिला परिषद स्कूलों पर निर्भर हैं, लेकिन शिक्षकों के अभाव में उनका शिक्षा का मूल अधिकार प्रभावित हो रहा है। बैठक में यह भी बताया गया कि कई गांवों में अभिभावकों में भारी नाराजगी है और कुछ स्थानों पर ग्रामीणों ने ‘स्कूल बंद आंदोलन’ की चेतावनी भी दी है।








