spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

धंतोली से पांच सदस्यीय वाला परिवार लापता

– मोबाइल की आखिरी लोकेशन पुणे में मिली

नागपुर :- नागपुर के धंतोली क्षेत्र से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। 24 जून की शाम घर से निकले परिवार के सभी सदस्य तब से वापस नहीं लौटे हैं। इस घटना से परिजनों और स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है। मामले में धंतोली पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, लापता परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन पुणे में मिली है। इसके आधार पर पुणे पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी तलाश की जा रही है।

धंतोली स्थित बालराज मार्ग, प्लॉट नंबर 40, दुर्गा सदन निवासी 71 वर्षीय श्यामसुंदर किमतराय परसवानी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके दिवंगत भाई सुरेश किमतराय परसवानी का परिवार उसी इमारत में रहता था। लापता परिवार के सदस्यों की पहचान इस प्रकार हुई है, हर्षा सुरेश परसवानी (57), जितेंद्र सुरेश परसवानी (42), ईशिता जितेंद्र परसवानी (40), खुशी जितेंद्र परसवानी (21) और एक नाबालिग बालक।

शिकायत के अनुसार, 24 जून की शाम करीब 6 बजे परिवार के सभी पांच सदस्य घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। शुरुआत में परिजनों को लगा कि वे किसी रिश्तेदार या परिचित के यहां गए होंगे। इस आशंका के चलते परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, मित्रों और परिचितों से संपर्क कर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद 29 जून को श्यामसुंदर परसवानी ने धंतोली पुलिस थाने में गुमशुदगी की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को लापता सदस्यों के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन पुणे में मिली। इसके बाद पुणे पुलिस से संपर्क कर संयुक्त रूप से उनकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि परिवार के एक सदस्य पर काफी आर्थिक कर्ज था। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं की है कि परिवार के लापता होने का इससे कोई संबंध है या नहीं। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच जारी है।

Popular Articles