spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

पूर्व विधायक की पत्नी से कथित धोखाधड़ी

– 5 करोड़ की संपत्ति हड़पने का आरोप

चंद्रपुर :- राजुरा के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय प्रभाकर मामुलकर की पत्नी सुमन प्रभाकर मामुलकर (84) ने अपने सगे बहन के बेटे समेत पांच लोगों पर कथित रूप से धोखाधड़ी कर करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति अपने नाम कराने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने राजुरा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, पति के निधन के बाद अस्वस्थ होने के कारण सुमन ने सहायता के लिए अपने सगे बहन के बेटे अभिजीत भुते और उनकी पत्नी शिल्पा भुते को अपने राजुरा स्थित घर में रहने के लिए बुलाया था। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने घर के आर्थिक और अन्य सभी कार्यों की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली। यहां तक कि उनकी पेंशन की राशि भी वही निकालते थे।

सुमन का आरोप है कि 23 मई 2025 को उन्हें यह कहकर राजुरा स्थित उप-पंजीयक (सब-रजिस्ट्रार) कार्यालय ले जाया गया कि जमीन खरीदने के लिए कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने हैं। वहां आशीष नलगे, बबन भुते और धनराज चिंचोलकर भी मौजूद थे। आरोप है कि उसी दिन उनकी जानकारी के बिना विभिन्न संपत्तियों के बिक्री व उपहार (गिफ्ट डीड) संबंधी दस्तावेज तैयार कराकर हस्ताक्षर करा लिए गए।शिकायत में कहा गया है कि राजुरा और सुबई स्थित मकान तथा अंतरगांव और सुबई की कृषि भूमि आरोपियों के नाम हस्तांतरित कर दी गई। इन सभी संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई गई है।

सुमन का कहना है कि उनकी अधिक उम्र और खराब स्वास्थ्य का फायदा उठाकर यह कथित धोखाधड़ी की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करीब दो महीने पहले उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह चंद्रपुर में अपने भाई रविकांत निंबालकर के घर रह रही हैं। दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां प्राप्त करने के बाद उन्हें संपत्ति हस्तांतरण की जानकारी मिली।इसके बाद 28 जून को उन्होंने अभिजीत भुते, शिल्पा भुते, आशीष नलगे, बबन भुते और धनराज चिंचोलकर के खिलाफ राजुरा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी संपत्ति वापस दिलाने की मांग की है।

इस मामले में आयोजित पत्रकार वार्ता में रविकांत निंबालकर, किरण निंबालकर, सुनीता चालके और मोहित निंबालकर भी उपस्थित थे। वहीं, आरोपों पर पक्ष जानने के लिए अभिजीत भुते से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.