spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

चलती स्कूल बस का पहिया बना मौत का पहिया

– कोंढाली में दर्दनाक हादसा, वाहन फिटनेस पर उठे सवाल

नागपुर :- कोंढाली क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चलती स्कूल बस का पिछला पहिया अचानक निकल गया और सामने से जा रहे एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्कूल वाहनों की फिटनेस व तकनीकी जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सावली खुर्द निवासी नामदेव महादेव घागरे अपनी बाइक (एमएच-32/एवी-9256) से कोंढाली से घर लौट रहे थे। इसी दौरान खापरी के पास पीछे से आ रही स्कूल बस (एमएच-35/एजे-0446) का बाईं ओर का पिछला पहिया अचानक निकल गया।

तेज गति से लुढ़कता हुआ पहिया सीधे नामदेव की बाइक से टकराया। टक्कर के बाद पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नामदेव की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बताया गया है कि नामदेव घागरे अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने स्कूल बसों की नियमित तकनीकी जांच और फिटनेस प्रमाणन को अनिवार्य बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि वाहन की समय पर जांच की गई होती तो इस तरह का दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई है।

Popular Articles