– कलमना पुलिस ने 33.41 लाख के माल सहित 3 को दबोचा
नागपुर :- कलमना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 10.432 किलोग्राम गांजा, एक ट्रक, एक दोपहिया वाहन, तीन मोबाइल फोन समेत करीब 33.41 लाख रुपये का माल जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से नागपुर लाई गई थी और रास्ते में इसकी आपूर्ति भी की जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, बिट मार्शल को सूचना मिली कि चिखली चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध तरीके से एक व्यक्ति गांजा लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने काली माता मंदिर के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच-49/बीएस-6020 संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन चालक को रोककर पूछताछ की, जिसने अपना कपिल नगर, नागपुर निवासी नाम रिंकू सुरेश राजपूत (30) बताया।
पायदान के पास रखी थी प्लास्टिक की बोरी
पंचों की मौजूदगी में पुलिस ने बोरी की तलाशी ली तो उसमें 4.308 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान रिंकू ने पुलिस को बताया कि यह गांजा उसे उसके परिचित यशोधरानगर निवासी गुरुप्रीत सिंह सुरजीत मुलतानी (43) ने दिया था। उसने यह भी बताया कि मुलतानी एक ट्रक के जरिए एचबी टाउन की ओर से नागपुर आया था और चिखली रोड के पास उसे गांजा सौंपा गया था। रिंकू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑटोमोटिव चौक से कामठी जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध ट्रक क्रमांक ओडी-05/एमएस-6160 को भी रोक लिया। ट्रक चालक गुरुप्रीत मुलतानी और उसके साथ मौजूद क्लीनर कौशल्यानगर निवासी बाल्या सुभाष भडके (40) से पूछताछ की गई। दोनों ने रिंकू को गांजा देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद ट्रक की केबिन में रखी प्लास्टिक की बोरी की तलाशी ली गई, जिसमें 6.124 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 10.432 किलोग्राम गांजा, एक ट्रक, एक दोपहिया वाहन, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित 33 लाख 41 हजार रुपये का माल जब्त किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि ट्रक में मूल रूप से अधिक मात्रा में गांजा लादा गया था और आरोपी ओडिशा से नागपुर तक के सफर में अलग-अलग स्थानों पर इसकी सप्लाई करते हुए पहुंचे थे। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि यह किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं।




