– बूटीबोरी की वारदात,बच्चे के मोबाइल में कैद हुए लूटेरे
बूटीबोरी :- नागपुर ग्रामीण जिले के बूटीबोरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चाकू की नोक पर दंपति से लाखों रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फुकेश्वर शिवार में बाइक सवार दो बदमाशों ने दंपति की कार रोककर कृषि विभाग के कर्मचारी सुहास चंद्रकांत हजारे और उनकी पत्नी को चाकू दिखाकर सोने के आभूषण तथा नकदी लूट ली। इस पूरी घटना का वीडियो कार में मौजूद एक बच्चे ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब पुलिस जांच का अहम सबूत बन गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 5 जुलाई की शाम करीब 5 बजे की है। सुहास चंद्रकांत हजारे अपने परिवार के साथ कार से बूटीबोरी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार फुकेश्वर शिवार के पास पहुंची, मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर परिवार को धमकाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए लूटपाट की। बदमाश करीब चार तोला सोने के आभूषण, जिनमें सोने की चेन, अंगूठी और अन्य जेवर शामिल हैं, के अलावा नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
मोबाइल कैमरे में कैद हुई वारदात
घटना के दौरान कार में मौजूद परिवार के एक रिश्तेदार बच्चे ने साहस का परिचय देते हुए पूरी वारदात अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में दोनों बदमाशों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने इस फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और इसे आरोपियों की पहचान के लिए महत्वपूर्ण सबूत माना जा रहा ।
वीडियो और तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही बूटीबोरी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की। पुलिस वीडियो फुटेज, आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हालांकि, घटना के कुछ दिन बीत जाने के बाद भी दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




