spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नागपुर की प्रसिद्ध ‘हीरा स्वीट्स’ का लाइसेंस रद्द

– निरीक्षण के दौरान मिला मृत चूहा, अगले आदेश तक उत्पादन पर रोक

नागपुर :- महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने नागपुर की प्रसिद्ध मिठाई निर्माता कंपनी ‘हीरा स्वीट प्रा. लि.’ के पांचपावली स्थित उत्पादन केंद्र पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका उत्पादन लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद संबंधित यूनिट में मिठाइयों का उत्पादन भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

एफडीए के अनुसार, नागपुर खाद्य शाखा के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 3 जुलाई को नियमित निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर की एक दीवार के पास मृत चूहा मिला। अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया कि मृत चूहा उत्पादन सामग्री से दूर था, लेकिन निरीक्षण में स्वच्छता संबंधी कई गंभीर कमियां भी सामने आईं। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर धूल और गंदगी, कई बर्तनों पर जंग, लोहे की चादरों पर जंग तथा साफ-सफाई से जुड़ी अन्य अनियमितताएं पाई गईं। इन खामियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन माना गया। निरीक्षण के बाद एफडीए ने कंपनी को नोटिस जारी कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद 6 जुलाई को फैक्ट्री का उत्पादन लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया।

लाइसेंस निलंबित होने के बाद पांचपावली स्थित इस उत्पादन इकाई में मिठाइयों का निर्माण पूरी तरह रोक दिया गया है। एफडीए ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित होने और आवश्यक सुधार किए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.