– महिला चिकित्सक पर हमले का राज्यव्यापी विरोध
नागपुर :- कल्याण-डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में महिला डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मियों पर हुए हमले के विरोध में गुरुवार को महाराष्ट्र के सरकारी एवं अर्धसरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टरों ने काली पट्टी बांधकर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं जारी रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया। नागपुर के मेयो-मेडिकल और अन्य अस्पतालों में भी डॉक्टरों ने काली पट्टी बांधकर काम किया। सेंट्रल महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (सेंट्रल मार्ड) के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन को बीएमसी मार्ड और महाराष्ट्र स्टेट मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (एमएसएमटीए) का भी समर्थन मिला। राज्यभर में रेजिडेंट डॉक्टरों, मेडिकल शिक्षकों, इंटर्न और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने बड़ी संख्या में इसमें भाग लिया। सेंट्रल मार्ड ने कहा कि शास्त्रीनगर अस्पताल में महिला डॉक्टर पर हुआ हमला न केवल बेहद निंदनीय है बल्कि स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल भी खड़े करता है। ड्यूटी के दौरान महिला डॉक्टरों पर हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। सेंट्रल मार्ड ने मुख्य आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के लिए विष्णुनगर पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है।
सीएम फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग
राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। संगठन ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की।




