समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा: 6 की मौत

0
29

– खड़ी कार को इथेनॉल से भरे ट्रक की टक्कर, चालक और क्लीनर जिंदा जले

नागपुर/वर्धा :- महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि महामार्ग पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलगांव थाना क्षेत्र के विरुल शिवार के पास चेनज नंबर 79/800 पर तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने पीछे से खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जिससे चालक और क्लीनर जिंदा जल गए। हादसे में कार सवार चार लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस जानकारी के अनुसार, तड़के करीब 3 से 3.30 बजे समृद्धि महामार्ग के मुंबई कॉरिडोर पर इथेनॉल से भरा एक ट्रक पलट जाने के कारण यातायात प्रभावित हो गया था। इसी वजह से नागपुर कॉरिडोर का ट्रैफिक रोककर मुंबई कॉरिडोर की ओर मोड़ा गया था। इस दौरान कई वाहन मौके पर रुके हुए थे। इसी बीच उत्तर प्रदेश का एक आयशर ट्रक नंबर यूपी 71/ सीटी 0602 तेज गति और लापरवाही से आया तथा सामने खड़ी कार नंबर एमएच 32/ वाय 1439 में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर ट्रक में तत्काल आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का चालक और क्लीनर पूरी तरह जल चुका था।

हादसे में मृतकों की पहचान

इस हादसे में मरने वालों में उत्तर प्रदेश निवासी ट्रक चालक संजय कुमार (30), उत्तर प्रदेश निवासी ट्रक क्लीनर समरजीत पाल (24), और कार में सवार जानवी राजेश टिपले (21), सुषमा राजेश टिपले, राजेश आनंदराव टिपले और अंकुश राऊत (चारों निवासी सालोड हिरापुर, जिला वर्धा) का समावेशा है।

पुलिस और राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही एपीआई सरिता यादव, पीएसआई तोडासे सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलगांव की एसडीपीओ संगीता कारखेले के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी शवों को हाईवे एंबुलेंस की सहायता से पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल वर्धा भेजा गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने का कार्य किया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पुलगांव पुलिस कर रही है।