नागपुर में बनेगा अत्याधुनिक कैंसर उपचार केंद्र

0
27

– ग्रामीण के कैंसर पीड़ित मरीजों को बड़ी राहत

नागपुर :- राज्य के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को आधुनिक इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। महाकेयर के माध्यम से नागपुर में ‘नागपुर हाई एनर्जी मेडिकल साइक्लोट्रॉन प्रोजेक्ट’ नामक सहायक कंपनी स्थापित करने को मंजूरी दे दी गई है। यह निर्णय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में आयोजित महाकेयर के निदेशक मंडल की पहली बैठक में लिया गया।

इस परियोजना के शुरू होने से विदर्भ सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को कैंसर की आधुनिक जांच और उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों का समय और उपचार पर होने वाला खर्च दोनों कम होंगे। बैठक में महाकेयर के कॉर्पस फंड के लिए महात्मा फुले जनआरोग्य योजना से 100 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी भी दी गई। इसके अलावा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से धन जुटाने, मुंबई के जी.टी.अस्पताल परिसर में महाकेयर के कार्यालय के लिए स्थान उपलब्ध कराने, लेखा परीक्षक और कंपनी सचिव की नियुक्ति तथा विभिन्न विशेषज्ञ सलाहकारों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।

राज्य में कैंसर उपचार व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किया गया है। इस सहयोग से अत्याधुनिक तकनीक, शोध और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ राज्यभर के मरीजों को मिल सकेगा। सरकार की योजना के अनुसार नागपुर के बाद मुंबई, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़, कोल्हापुर, चंद्रपुर, नासिक और अमरावती में भी इसी तरह के आधुनिक कैंसर उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य पूरे महाराष्ट्र में कैंसर के निदान और उपचार की सुदृढ़ एवं आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना है।