– दहेगांव रंगारी में वारदात, 10 लाख के आभूषण लूटे, बाइक पर आए थे तीन आरोपी
खापरखेडा :- दहेगांव रंगारी में गुरुवार रात एक सराफा व्यापारी पर गोलीबारी कर करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिये गए। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वलनी बस्ती निवासी तथा सिद्दीकी कॉम्प्लेक्स, दहेगांव रंगारी स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक मंगेश मारोतकर (34) गुरुवार रात करीब 8:10 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वलनी-पिपला रोड स्थित धनगौरी मंदिर के पास बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा किया। बदमाशों ने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था।

आरोपियों ने पहले उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद उनके पैर में गोली मार दी और गर्दन पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद सोने-चांदी के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है, लूटकर मौके से फरार हो गए। घायल मंगेश मारोतकर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जांच में जुटी पुलिस की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है तथा फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं। इस वारदात से दहेगांव रंगारी और आसपास के व्यापारियों में भय का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।





