spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

अब एफआईआर पर जनता की राय

– नागपुर पुलिस ने शुरू किया सिटिजन फीडबैक सिस्टम

नागपूर :- पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में नागपुर पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। अब किसी भी थाने में एफआईआर (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज होने के बाद पुलिस स्वयं शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसके अनुभव और संतुष्टि की जानकारी लेगी। इस नई ‘सिटिजन फीडबैक सिस्टम’ का उद्देश्य एफआईआर दर्ज करने में होने वाली देरी, शिकायतों को कमजोर करने अथवा कथित तौर पर दबाने जैसी शिकायतों पर प्रभावी निगरानी रखना है।

नई व्यवस्था के तहत एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम की टीम प्रत्येक शिकायतकर्ता को फोन कर यह जानने का प्रयास करेगी कि थाने में उसके साथ कैसा व्यवहार किया गया, शिकायत दर्ज करने में कोई परेशानी तो नहीं आई और पुलिस ने समय पर आवश्यक कार्रवाई की या नहीं। शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर वरिष्ठ अधिकारी संबंधित मामलों की समीक्षा करेंगे। यदि किसी शिकायतकर्ता की ओर से नकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है तो उस पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की निगरानी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो वरिष्ठ अधिकारी तत्काल हस्तक्षेप करेंगे।

पुलिस का मानना है कि इस नागरिक फीडबैक प्रणाली से पुलिस बल की जवाबदेही बढ़ेगी, शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता आएगी और आपराधिक न्याय प्रणाली के प्रति आम नागरिकों का भरोसा और मजबूत होगा।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.