– जैविक उत्पादों को किया लोगों ने पसंद, जिलाधिकारी ने सराहा
नागपुर :- विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी (आत्मा), नागपुर और कृषि विभाग की ओर से रामनगर मैदान में आयोजित जिला स्तरीय रानभाजी (जंगली सब्जियां) एवं जैविक उत्पाद बिक्री महोत्सव को नागपुरवासियों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला।
कृषि राज्य मंत्री आशीष जायसवाल की प्रेरणा से 13 और 14 अगस्त को आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने किया। उन्होंने विभिन्न प्राकृतिक कृषि उत्पादों और रानभाजी उत्पादक किसान समूहों के स्टॉल का निरीक्षण कर किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जैविक खेती, स्थानीय रानभाजियों और पारंपरिक खाद्य पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसान समूहों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिले में जैविक खेती के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों का सम्मान किया गया। संभागीय कृषि सहसंचालक उमेश घाटगे के हाथों यह सम्मान प्रदान किया गया। आत्मा नागपुर की परियोजना निदेशक डॉ. अर्चना कडू और जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी प्रज्ञा गोलघाटे के मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न किसान समूह रानभाजी, प्राकृतिक कृषि उत्पाद, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद बिक्री के लिए लेकर पहुंचे हैं।
महोत्सव का विशेष आकर्षण जंगली सब्जियां रहीं। करीब 65 किसान समूहों ने इन सब्जियों के पोषण गुण, पारंपरिक उपयोग और दैनिक आहार में उनके महत्व की जानकारी शहरवासियों को दी। इस आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और शहरी ग्राहकों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हुआ, जिससे किसानों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हुआ। महोत्सव के सफल आयोजन में आत्मा की परियोजना उपसंचालक पल्लवी तलमले, जिले के सभी एटीएम, बीटीएम तथा कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग किया। उप विभागीय कृषि अधिकारी दत्तात्रय येले, बलिराम सातपुते सहित तहसील कृषि अधिकारी उपस्थित थे।





