– 585 ध्वजवाहक और गूंजता नागपुर, इंडिया और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज
नागपुर :- महाराष्ट्र की पारंपरिक ढोल-ताशा संस्कृति ने रविवार को नागपुर में नया इतिहास रच दिया। रेशीमबाग मैदान में आयोजित ‘मंथन फॉर युवा’ कार्यक्रम में 25 हजार से अधिक युवाओं की मौजूदगी में ढोल-ताशा पथक ने विश्व रिकॉर्ड बनाया। इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रिकॉर्ड बनाने वाले ढोल-ताशा पथक के प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्त महाराष्ट्र और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया।
585 ध्वज धारक ने बनाया रिकॉर्ड
महाराष्ट्र की पारंपरिक ढोल-ताशा संस्कृति पर आधारित इस आयोजन में आधार पंजीकरण वाले 585 ध्वज धारक ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम में सर्वाधिक ध्वज धारक की भागीदारी का रिकॉर्ड बना। इससे पहले यह रिकॉर्ड 260 ध्वज धारक के नाम था। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र की समृद्ध परंपरा और युवा शक्ति का यह अनूठा संगम है। उन्होंने रिकॉर्ड बनाने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।

स्क्रीन टाइम कम करने पर जोर:
मुख्यमंत्री ने युवाओं और बच्चों के बढ़ते स्क्रीन टाइम पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन से निकालकर खेल के मैदान तक लाने के उपायों पर विचार किया जा रहा है। विशेषज्ञों की मदद से इस दिशा में प्रभावी नीति तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
तिलक वर्मा समेत कई हस्तियों से संवाद:
कार्यक्रम में प्रसिद्ध खेल कमेंटेटर रिद्धिमा पाठक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ क्रिकेटर तिलक वर्मा, राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता दिलीप महादू गावित, अर्जुन देशपांडे और किरण शहाजी से संवाद किया। इन हस्तियों ने अपने-अपने क्षेत्र के अनुभव और संघर्ष की कहानियां साझा कर युवाओं को प्रेरित किया।
23 अगस्त तक चले कार्यक्रम :
‘मंथन फॉर युवा’ के तहत 1 से 23 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें सफल प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री फडणवीस के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले युवा आइकॉन को भी सम्मानित कर उनके कार्यों से युवाओं को परिचित कराया गया।
युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ:
‘नशामुक्त भारत’ अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रहने, इनके सेवन और बिक्री को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करने तथा नशामुक्त युवा पीढ़ी के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम की शुरुआत आयोजक रितेश गावंडे के स्वागत भाषण से हुई। अंत में आयोजक विष्णु चांगदेव ने आभार व्यक्त किया।





