– मादक पदार्थ विरोधी दस्ते ने की कार्रवाई, कार समेत 17.11 लाख का माल जब्त
नागपुर :- मादक पदार्थ विरोधी दस्ते ने सदर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 53.700 ग्राम एमडी पाउडर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से नशीला पदार्थ, तीन मोबाइल फोन और एक कार समेत कुल 17 लाख 11 हजार 200 रुपए का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सोमवार, 24 अगस्त की सुबह करीब 4 से 6.30 बजे के बीच बंगला नंबर 7/12 के बंद गेट के सामने सर्विस रोड पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिसगांव पाड़ा, कल्याण, जिला ठाणे निवासी संदेश संजय मून (37) और गांधी लेआउट, जाफर नगर, नागपुर निवासी शारीक अमानत खोकर (28) के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 53.700 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 30 हजार 700 रुपए बताई गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और करीब 9 लाख रुपए कीमत की सफेद रंग की किया सोनेट कार भी जब्त की गई। जब्त माल की कुल कीमत 17 लाख 11 हजार 200 रुपए है।
पुलिस ने मामले में वारिस अंसारी, निवासी भायखला वेस्ट, मुंबई को फरार आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संदेश मून के खिलाफ सक्करदरा और प्रताप नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई के संबंध में सदर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(क) और 29 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।





