– टैक्स वसूली के लिए संपत्ति जब्ती की कार्रवाई करें : आयुक्त डॉ.विपिन
– बड़े बकायादारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
नागपुर :- शहर के विकास के लिए संपत्तिकर की वसूली आवश्यक है। बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए कर संग्राहक बकायादारों कीचल-अचल संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई करें। यह निर्देश मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने दिए।उन्होंने 30 दिनों में 1,000 करोड़ रुपए संपत्ति कर वसूलने का लक्ष्य भी निर्धारितकिया।
नागपुर महानगरपालिका की ओर से 20 अगस्त से 30 सितंबरतक बकाया संपत्ति कर वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नियोजन भवन में आयुक्त डॉ.विपिन की अध्यक्षता में कर संग्राहकों की कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त अंकित, अतिरिक्त आयुक्त मुरुगानंथम एम., अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम,मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी सदाशिव शेलके, उपायुक्त मंगेश खवले, गणेश राठौड़, अशोक गराटे, सहायक आयुक्त अनिकेत धोपड़, राजकुमार मेश्राम, हरिश राऊत, प्रमोद वानखेड़े,विकास रायबोले और धनंजय जाधव सहित सभी जोन के कर संग्राहक एवं सुपरवाइजर उपस्थित थे।
महापौर नीता ठाकरे के निर्देश और आयुक्त डॉ.विपिन के मार्गदर्शन में शुरू किये गये इस अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त आयुक्त मुरुगानंथमएम. और मिलिंद मेश्राम कर रहे हैं। स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, सत्ता पक्षनेता नरेंद्र बोरकर तथा कर संकलन विशेष समिति सभापति सरिता कावरे ने भी नागरिकों से बकाया संपत्ति कर जमा करने की अपील की है.
2,250 करोड़ रुपए की है बकाया राशि
शहर में संपत्ति कर की कुल बकाया राशि करीब 2,250 करोड़ रुपए है। आयुक्त ने अभियान के दौरान 1,000 करोड़ रुपएकी वसूली का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सभी कर संग्राहकों को सर्वाधिक बकाया वाले संपत्ति धारकों की सूची तैयार कर उनसे प्राथमिकता से वसूली करने के निर्देश दिये गये हैं। बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत पानी का कनेक्शन काटने के साथ ही व्यावसायिक संपत्तियों की चल संपत्ति जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर प्रचारित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अन्य बकायादारों में भी कार्रवाईका प्रभाव रहे।
जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद:
आयुक्त डॉ.विपिन ने कहाकि कार्रवाई के दौरान कर संग्राहकों को किसी दबाव में नहीं आना चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर कार्रवाई के लिए एनडीएस या पुलिस दल की सहायता ली जा सकती है। आवश्यकता होने पर मांग के अनुसार पुलिस दल उपलब्ध कराया जाएगा।
बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार:
आयुक्त डॉ.विपिन ने संपत्तिकर वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर संग्राहकों को पुरस्कार देने की घोषणा की। वहीं, वसूली अभियान में सहयोग नहीं करने या ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। अतिरिक्त आयुक्त मुरुगानंथम एम. ने प्रस्तुतिकरणके माध्यम से अभियान की जानकारी दी और जब्ती तथा नोटिस की कार्रवाई की प्रक्रिया के बारे में कर संग्राहकों का मार्गदर्शन किया। अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम ने सर्वाधिक बकाया वाले संपत्ति धारकों की सूची तैयार करने तथा न्यायालय में लंबित मामलों को छोड़कर अन्य व्यावसायिक संपत्तियों से बकाया वसूली को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि संपत्ति कर विभाग के ऐसे कर्मचारी, जो अन्य विभागों में कार्यरत हैं, उन्हें संबंधित विभाग प्रमुख तत्काल कार्यमुक्त करें। ऐसा नहीं करने पर संबंधित विभाग प्रमुखों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।





