– यशोधरा नगर पुलिस ने मारा छापा, दो हिरासत में
नागपुर :- यशोधरा नगर थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता सेगोवंशों को बूचड़खाने पहुंचने से पहले ही रिहा किया गया। थाने के डीबी पथक को गश्तके दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि संगम नगर में पीली नदी के किनारे, अनाफ फर्नीचर केपीछे एक कार क्रमांक एमएच 12/ एमबी 1072 में गोवंश को कत्ल के इरादे से लाया गया है।पुलिस टीम ने तुरंत पंचे और स्टाफ के साथ मौके पर छापेमारी की। वहां, आरोपी समीर अहमद कुरैशी और शाहरूख हाथ में तेज धारदार लोहे का छुरा लिए गाय को निर्दयता से बांधकर कत्ल करने की तैयारी में थे।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों में समीर अहमद और शेख शाहरूख ने अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने 23 अगस्त को एमआईडीसी थाना क्षेत्र से इस गाय को चोरी कर लाया था।इसके बाद गाय के हाथ-पैर बांधकर क्रूरतापूर्वक कार की पिछली सीट पर ठूंसकर यशोधरा नगर लाया गया था ताकि इसकी कटाई कर मांस चिल्लर दुकानदारों को बेचा जा सके और मिले पैसों को आपस में बांटा जा सके। पुलिस ने मौके से गाय, कार और लोहे का छुरा जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय प्राणी क्रूरता निवारण अधिनियम 1960, महाराष्ट्र प्राणी संरक्षण अधिनियम (संशोधन2015) और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी (दक्षिण प्रादेशिक विभाग), पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा और सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाड (कलमना विभाग) के मार्गदर्शन में यशोधरा नगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक यूनुस चांद शेख, पुलिस उप निरीक्षक नीलकंठ नन्नावरे, पुलिस हवलदार गणेश गुप्ता, रवि अहीर, मंगेश गिरी, पुलिस अमलदार लक्ष्मण पडवाल तथा रितेश दुधे की टीम द्वारा की गई।





