– निरीक्षण में प्रधानाध्यापक की नियुक्ति और रिक्त पद भरने के निर्देश
नागपुर :- शहर की महापौर नीता ठाकरे ने गुरुवार को पारडी क्षेत्र स्थित मनपा की बालवाड़ी और प्राथमिक स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, कक्षाओं की व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति और शैक्षणिक वातावरण का जायजा लिया। जिससे स्कूल में दी जाने वाली सुविधाओं की पोल खुल गई। निरीक्षण के दौरान शिक्षा विशेष समिति सभापति संतोषदेवी दीपक लड्ढा, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, शिक्षा अधिकारी अमित भदाने सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
महापौर एवं अधिकारियों ने स्कूल परिसर का निरीक्षण करने के साथ शिक्षकों से संवाद किया और विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी जरूरतों व समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान जिन स्थानों पर सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, उनकी गंभीरता से नोंद ली गई। महापौर ठाकरे ने कहा कि मनपा स्कूलों में पढ़ने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित स्कूल में प्रधानाध्यापक की तत्काल नियुक्ति करने तथा शिक्षकों के रिक्त पद भरने के निर्देश मनपा आयुक्त को दिए।
शिक्षा समिति सभापति संतोषदेवी लड्ढा ने भी स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों के हित में आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागपुर महानगरपालिका का उद्देश्य प्रत्येक मनपा स्कूल को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाओं और संस्कार का केंद्र बनाना है। इसी दिशा में स्कूलों का नियमित निरीक्षण और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया जारी रहेगी।








