– बाढ़ के बीच काठमांडू में फंसे थे, जनकपुर के रास्ते लौटे 102, 4 विमान से लौटे
नागपुर :- नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण काठमांडू में फंसे नागपुर जिले के 106 श्रद्धालुओं की स्वदेश वापसी आखिरकार पूरी हो गई। इनमें से 102 श्रद्धालु रेल मार्ग से, जबकि चार श्रद्धालु विमान से नागपुर लौटे। सभी नागरिकों के सुरक्षित लौटने पर उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
नागपुर जिले के करीब 106 नागरिक 22 अगस्त को श्री स्वामी महाराज के समूह के साथ पर्यटन एवं धार्मिक यात्रा के लिए काठमांडू गए थे। समूह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक शामिल थे। नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर परिजनों में चिंता बढ़ गई थी। नेपाल प्रशासन की ओर से वैकल्पिक बसों की व्यवस्था किए जाने के बाद 27 अगस्त को श्रद्धालुओं को काठमांडू से जनकपुर के रास्ते नेपाल-भारत सीमा की ओर रवाना किया गया। भारत में प्रवेश के बाद उनके आगे के सफर की व्यवस्था रेल मार्ग से की गई।

भारत पहुंचने के बाद श्रद्धालु पटना पहुंचे। वहां से 102 नागरिकों ने पटना-पूर्णा एक्सप्रेस से नागपुर के लिए यात्रा शुरू की। कई दिनों की प्रतीक्षा के बाद भारत लौटने का रास्ता आसान होने से श्रद्धालुओं और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। जिला प्रशासन के अनुसार, प्राकृतिक आपदा का समूह के किसी भी नागरिक पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा। हालांकि, निर्धारित बस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी भारत वापसी में परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार तड़के नागपुर पहुंचे
ट्रेन क्रमांक 17609 पटना-पूर्णा एक्सप्रेस रविवार, 30 अगस्त को तड़के करीब 4.30 बजे नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। पटना जंक्शन से नागपुर तक इस ट्रेन का सफर करीब 32 घंटे का है। इसी ट्रेन से 102 श्रद्धालु नागपुर पहुंचे। श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन की ओर से आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। यात्रा के दौरान भी संबंधित प्रशासनिक एवं परिवहन अधिकारियों द्वारा उनकी स्थिति पर नजर रखी गई।
चार श्रद्धालु विमान से दिल्ली, फिर ट्रेन से नागपुर पहुंचे
समूह के इंदिरा चौधरी, सुलोचना खापरे, दीपक पांडे और वर्षा उपाध्याय ने विमान से वापसी की। चारों ने 28 अगस्त को काठमांडू से विमान के जरिए दिल्ली पहुंचने के बाद रात करीब 8 बजे केरल एक्सप्रेस से नागपुर के लिए रवाना हुए। ये चारों शनिवार को नागपुर पहुंच गए थे।
नेपाल में आई बाढ़ के बाद उत्पन्न परिस्थितियों के बीच प्रशासन, नेपाल की स्थानीय व्यवस्था और परिवहन एजेंसियों के समन्वय से नागपुर जिले के सभी 106 नागरिकों की सुरक्षित वापसी रविवार को पूरी हो गई।





