– पुलिस आयुक्त ने प्रशंसापत्र देकर किया अधिकारियों-कर्मचारियों का गौरव
नागपुर :- नागपुर शहर पुलिस आयुक्तालय में उत्कृष्ट जांच और प्रभावी न्यायालयीन पैरवी करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया। पुलिस भवन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशंसापत्र देकर सम्मानित किया।
पांचपावली पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों से लैस होकर हत्या के प्रयास के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई की गई। इस उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए पुलिस निरीक्षक अनिरुद्ध पुरी, सहायक पुलिस निरीक्षक प्रमोद सोनवणे, पुलिस उपनिरीक्षक रणजीत माजगांवकर, पुलिस हवलदार अंकुश राठौड़ और पुलिसकर्मी आशीष बावणकर को सम्मानित किया गया। वहीं, एमआईडीसी पुलिस थाने के एक मामले में प्रभावी न्यायालयीन पैरवी के चलते आरोपियों को दोषी ठहराया गया और अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई। इस कार्य के लिए पुलिस हवलदार नितिन शिरसाठ और गुरुदास ताडपल्लीवार को प्रशंसापत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा कोतवाली पुलिस थाने के जांच अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष बोयने, न्यायालयीन पैरवी अधिकारी फौजदार प्रमोद यावले और गणेश डफ के उत्कृष्ट कार्य की भी पुलिस आयुक्त ने सराहना की।
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण जांच और प्रभावी न्यायालयीन पैरवी के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस को निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।





