– डीजे और अश्लीलता से दूरी, भक्ति गीतों और भजनों ने बांधा समां
नागपुर :- जन्माष्टमी मित्र परिवार, सुंदरवन-श्रीनगर की ओर से नरेंद्र नगर चौक पर आयोजित भव्य दही-हांडी उत्सव भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतीकात्मक रूप से दही-हांडी फोड़कर उत्सव का शुभारंभ किया। प्रभाग क्रमांक 35 की नगरसेविका विशाखा मोहोड के विशेष प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में जन्माष्टमी मित्र परिवार, श्रीनगर-सुयोग नगर और सुंदरवन नागरिक कृति समिति का संयुक्त सहयोग रहा।
उत्सव की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई। इसके बाद भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। आयोजकों ने डीजे संस्कृति से दूरी बनाते हुए भजन और भक्ति गीतों को प्राथमिकता दी। युवाओं के लिए विशेष रूप से प्रस्तुत किए गए ‘भजन रॉक बैंड’ और भक्ति गीतों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
डीजे की जगह भजन और रॉक बैंड का रहा आकर्षण
‘डीजे नहीं, अश्लीलता नहीं; भक्ति, संस्कृति और युवाओं का जोश’ की संकल्पना के साथ आयोजित इस उत्सव में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। भक्ति गीतों की धुन पर नागरिकों ने उत्साहपूर्वक दही-हांडी उत्सव का आनंद लिया। भारतीय संस्कृति, भक्ति और पारिवारिक परंपराओं को प्राथमिकता देने वाले इस आयोजन में अश्लील गीतों और नृत्य से पूरी तरह परहेज किया गया।
कार्यक्रम में पूरे समय संस्कार और भक्ति का माहौल बना रहा। इस अवसर पर पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी, पूर्व विधायक सुधाकर कोहले सहित मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।





