– लकड़गंज-गांधीबाग जोन की संयुक्त कार्रवाई, हरिओम ट्रेडर्स पर छापा
नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका के घनकचरा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत कार्यरत उपद्रव शोध दल (एनडीएस) ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को लकड़गंज और गांधीबाग जोन के दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वर्धमान नगर स्थित ऑक्ट्रॉय फ्री जोन में 625 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया। कार्रवाई के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान पर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (एमपीसीबी) के नियमों के तहत 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपद्रव शोध दल को लकड़गंज जोन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक का अवैध भंडारण किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर लकड़गंज और गांधीबाग जोन की टीम ने संयुक्त रूप से वर्धमान नगर स्थित ‘मे. हरिओम ट्रेडर्स’ पर छापा मारा। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में अवैध रूप से रखा गया 625 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बरामद हुआ, जिसे टीम ने जब्त कर लिया। गुप्त सूचना मिलने के बाद उपद्रव शोध दल के जवानों ने इसकी जानकारी एनडीएस प्रमुख वीरसेन तांबे को दी। उन्होंने तत्काल मामले से मनपा के उपायुक्त राजेश भगत को अवगत कराया। उपायुक्त के मार्गदर्शन में टीम ने नियोजनबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई लकड़गंज जोन के उपद्रव शोध दल प्रमुख सुशील गुप्ते तथा गांधीबाग जोन के दल प्रमुख नथ्थू खांडेकर के नेतृत्व में की गई। मनपा ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और भंडारण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।





