spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

18 स्कूलों पर धमकी का साया, दस्ते ने चलाया सर्च ऑपरेशन

नागपुर :- शहर की 18 सीबीएसई स्कूलों समेत जिलाधिकारी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को पुलिस ने व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया। सुबह से ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) ने स्कूलों और आसपास के परिसर की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

पुलिस के अनुसार, शहर की 18 स्कूलों और जिलाधिकारी कार्यालय समेत कुल 19 स्थानों को ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। धमकी पेरिस और बांग्लादेश से वीपीएन के जरिए भेजे गए संदेशों के माध्यम से दी गई थी। धमकी की समयसीमा 31 अगस्त तक होने के कारण पुलिस ने रविवार से ही स्कूल परिसरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी। सोमवार सुबह सभी संबंधित स्कूलों में पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने जांच शुरू की। स्कूल परिसरों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों ने पहले ही छुट्टी घोषित कर दी, जबकि कुछ स्कूलों में पढ़ाई शुरू होने के बाद अचानक विद्यार्थियों को छुट्टी दे दी गई।

अचानक छुट्टी से अभिभावकों की बढ़ी परेशानी

कुछ स्कूलों ने सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को स्कूल से ले जाने के लिए कहा। अचानक छुट्टी की सूचना मिलने से अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई। कई अभिभावक उस समय अपने कार्यालय या काम पर थे और उन्हें तत्काल काम छोड़कर स्कूल पहुंचना पड़ा। वहीं, स्कूल बस और वैन चालकों तक छुट्टी की सूचना समय पर नहीं पहुंचने से कई विद्यार्थी अभिभावकों के पहुंचने तक स्कूल में ही रुके रहे। सुरक्षा कारणों से कुछ स्कूलों ने अभिभावकों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को बच्चों को सौंपने से इनकार कर दिया। इससे विद्यार्थियों में भी कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति बनी रही।

रविवार रात से स्कूलों के आसपास पुलिस तैनात

31 अगस्त को मिली धमकी को देखते हुए पुलिस ने रविवार रात से ही स्कूलों के आसपास गश्त बढ़ा दी थी। सोमवार सुबह स्कूलों के बाहर अतिरिक्त बंदोबस्त लगाया गया। स्थानीय पुलिस थानों को स्कूल परिसर और आसपास नियमित गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। रात के समय स्कूलों के सामने फिक्स पॉइंट भी तैनात किए गए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि स्कूल या आसपास कोई संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति दिखाई देने पर घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचना दें।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.