– 1 सितंबर से बदले कई नियम और कीमतें; ,एलपीजी e-KYC, विदेश यात्रा और हवाई ईंधन से जुड़े नियमों में भी बदलाव
नई दिल्ली :- सितंबर की शुरुआत के साथ आम लोगों के बजट और रोजमर्रा की सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो गए हैं। 1 सितंबर 2026 से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर, मुंबई में दूध, सीएनजी और घरेलू पीएनजी के दाम बढ़ गए हैं। वहीं टाटा मोटर्स और हुंडई की कारें भी महंगी हुई हैं। इसके अलावा एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाइसी और विदेश यात्रा के दौरान इमिग्रेशन प्रक्रिया में बदलाव किया गया है।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा
तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में औसतन 11.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। कोलकाता में 19 किलो के सिलेंडर की कीमत 2,884 रुपये हो गई है। 5 किलो के सिलेंडर की कीमत भी 2 रुपये बढ़कर 764 रुपये हो गई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार की लागत बढ़ सकती है।
मुंबई में दूध के दाम बढ़े
मुंबई में बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने थोक दूध की कीमत 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई है। थोक कीमत 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसका असर खुदरा दूध के साथ दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
एलपीजी ई-केवाइसी नहीं कराने पर सब्सिडी में परेशानी
घरेलू एलपीजी ग्राहकों के लिए ई-केवाइसी कराने की अंतिम तारीख 31 अगस्त थी। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाइसी पूरी नहीं की है, उन्हें एलपीजी सब्सिडी का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है। ऐसे उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
विदेश यात्रा में बोर्डिंग पास पर स्टांप की जरूरत नहीं
1 सितंबर से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टांप लगवाने की प्रक्रिया समाप्त कर दी गई है। यात्री डिजिटल या ई-बोर्डिंग पास का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि पासपोर्ट, वीजा और सुरक्षा जांच से जुड़े नियम पहले की तरह लागू रहेंगे।
टाटा और हुंडई की कारें महंगी
टाटा मोटर्स ने अपनी कारों की कीमतों में मॉडल और वैरिएंट के अनुसार 25 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की है। वहीं हुंडई मोटर इंडिया ने कीमतों में 1 प्रतिशत तक इजाफा किया है। कंपनियों ने बढ़ती उत्पादन लागत, कच्चे माल की कीमत और महंगाई को कीमत बढ़ाने की वजह बताया है।
मुंबई में सीएनजी और पीएनजी भी महंगी
महानगर गैस लिमिटेड ने सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। अब मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सीएनजी की कीमत 88 रुपये प्रति किलो हो गई है। घरेलू पीएनजी की कीमत भी 1 रुपये प्रति एससीएम बढ़ाई गई है। इससे वाहन चालकों और गैस उपभोक्ताओं का मासिक खर्च बढ़ने की संभावना है।
ATF महंगा, हवाई किराए पर असर संभव
देश में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत में 5.46 प्रतिशत यानी 6.28 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। ईंधन विमानन कंपनियों की बड़ी लागत का हिस्सा है। ऐसे में आने वाले दिनों में एयरलाइंस की परिचालन लागत बढ़ने के कारण हवाई टिकटों की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।





