हिंगना :- हिंगना थाना क्षेत्र के खापरी गांधी ग्राम पंचायत अंतर्गत न्यायालय के आदेश पर जब्त किए गए मकान में जबरन प्रवेश करने का मामला सामने आया है। इस मामले में हिंगना पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता उज्ज्वला चंद्रभोज नंदेश्वर महिंद्रा रूरल हाउसिंग फाइनांस कंपनी में विधि अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को मकान निर्माण के लिए गृह ऋण उपलब्ध कराती है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजू विट्ठल पानबुडे और लता राजू पानबुडे ने 14 नवंबर 2022 को खापरी गांधी स्थित मकान क्रमांक 53 को कंपनी के पास गिरवी रखकर 2.80 लाख रुपए का गृह ऋण लिया था। आरोप है कि निर्धारित शर्तों के अनुसार ऋण की अदायगी नहीं की गई। इसके बाद कंपनी ने संपत्ति जब्त करने के लिए नागपुर न्यायालय में आवेदन किया था। न्यायालय के आदेश के बाद कंपनी ने संबंधित मकान का कब्जा ले लिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 31 अगस्त को संपत्ति का निरीक्षण करने पहुंचने पर मकान का दरवाजा टूटा हुआ मिला। आरोप है कि आरोपी दरवाजा तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश कर चुके थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजू पानबुडे, मोनल पानबुडे, मयुर पानबुडे, प्रियंका पानबुडे, लता पानबुडे, ममता पानबुडे और उज्ज्वल सुरेश पानबुडे के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





