– 4.75 लाख का सामान पुलिस के जरिए महिला को लौटाया
नागपुर :- लकड़गंज थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए करीब 4.75 लाख रुपए का सामान उसके असली मालिक को लौटा दिया। ऑटो चालक विनोबा भावे नगर निवासी सचिन मोतीराम निखारे (40) को एक महिला की गुम हुई बैग मिली थी। उन्होंने बैग को लकड़गंज पुलिस के माध्यम से संबंधित महिला को सुरक्षित वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, यादव नगर निवासी और पेशे से शिक्षिका ममता नरेश यादव, 31 अगस्त को खरीदारी के लिए पुराना बड़ा स्टैंड चौक स्थित अमर टॉकीज के सामने गई थीं। इसी दौरान उनकी बैग कहीं गुम हो गई। बैग में 1.75 लाख रुपए नकद, करीब डेढ़ तोले की सोने की अंगूठी जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपए, करीब 50 हजार रुपए का मोबाइल फोन और तीन एटीएम/डेबिट कार्ड सहित लगभग 4.75 लाख रुपए का सामान था। बैग गुम होने की शिकायत लकड़गंज थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान 1 सितंबर को ऑटो चालक सचिन निखारे को बैग और उसमें रखा पूरा सामान मिल गया। उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के बैग पुलिस के माध्यम से ममता यादव को सौंप दी। सचिन निखारे की ईमानदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए लकड़गंज पुलिस की ओर से उनका सत्कार किया गया तथा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस ने नागरिकों से भी ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए ऐसे मामलों में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।





