– अहेरी, सिरोंचा समेत आसपास के इलाकों में तड़के महसूस हुए हल्के झटके
नागपुर/गढ़चिरोली :- दक्षिण गढ़चिरोली के अहेरी, सिरोंचा सहित आसपास के क्षेत्र में गुरुवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक जमीन हिलने से नागरिकों में कुछ देर के लिए भय का माहौल बन गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 3.6 रिक्टर दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 3 सितंबर को प्रात: 4 बजकर 36 मिनट 58 सेकंड पर भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र 19.103 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.929 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। केंद्र के अनुसार यह स्थान तेलंगाना के करीमनगर से करीब 112 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है।

पांच साल में पांचवीं बार हिली धरती
दक्षिण गढ़चिरोली में भूकंप के झटके महसूस होने की यह पहली घटना नहीं है। फरवरी 2026 में भी अहेरी, आलापल्ली और सिरोंचा क्षेत्र में 3.9 रिक्टर तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। उस समय भूकंप का केंद्र तेलंगाना के मंचेरियाल जिले में रामगुंडम से करीब 35 किलोमीटर दूर था।पिछले पांच वर्षों में दक्षिण गढ़चिरोली क्षेत्र में महसूस किया गया यह पांचवां भूकंप है। इससे पहले 31 अक्टूबर 2021 को 4.3 रिक्टर और 29 अक्टूबर 2022 को 3.8 रिक्टर तीव्रता के भूकंप के झटके अहेरी, सिरोंचा और आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए गए थे।
गोदावरी घाटी के गढ़चिरोली-तेलंगाना सीमावर्ती क्षेत्र में बार-बार भूकंप के झटके महसूस होने से यहां की भूगर्भीय गतिविधियां एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। इस बीच, भूकंप के बाद जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने नागरिकों से घबराने के बजाय सतर्कता बरतने की अपील की है।





