– शेयर ट्रेडिंग और फ्यूचर-ऑप्शन ट्रेडिंग के शौक ने किया बर्बाद
नागपुर :- बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के मनीष नगर स्थित एक ओयो होटल में 23 वर्षीय जिम ट्रेनर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह करीब 11 बजे घटना का पता चला। मृतक की पहचान ओमकार अपार्टमेंट, जयताला निवासी प्रथमेश हेमंत शेंडे (23) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रथमेश नागपुर के एक जिम में ट्रेनर के रूप में काम करता था। उसे शेयर ट्रेडिंग और फ्यूचर-ऑप्शन ट्रेडिंग का शौक था और वह पिछले कुछ वर्षों से इसमें निवेश कर रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रेडिंग में नुकसान के चलते उस पर करीब 3 से 3.5 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने को लेकर वह तनाव में था। मंगलवार रात प्रथमेश मनीष नगर स्थित ओयो होटल पहुंचा और एक कमरा बुक किया। कमरे में जाने के बाद उसने टीवी चलाकर उसकी आवाज तेज कर दी। इससे आसपास के लोगों को लगा कि वह कमरे में टीवी देख रहा है।बुधवार को जब प्रथमेश अपने दोस्तों से संपर्क में नहीं आया और फोन भी नहीं उठाया, तो दोस्तों ने उसका लोकेशन ट्रैक किया और होटल पहुंचे। होटल कर्मचारियों के साथ उन्होंने कमरे के पास जाकर देखा तो दरवाजा भीतर से बंद था। दरवाजे की दरार से देखने पर प्रथमेश फांसी के फंदे पर दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोस्तों से पूछताछ में प्रथमेश के शेयर ट्रेडिंग के कारण कर्ज में होने की जानकारी सामने आई है। मृतक के पिता वर्धा पुलिस विभाग में हेड कॉन्स्टेबल हैं।





