नागपुर :- वाठोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक पर तीन नकाबपोशों द्वारा हमला करने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रेम संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के चलते हमला हुआ या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश है, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और हमले के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता आमिर हुसैन अख्तर हुसैन (26) के एक युवती के साथ प्रेम संबंध थे। बाद में युवती के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने की बात सामने आने के बाद विवाद की स्थिति बनी थी। इसी पृष्ठभूमि में आमिर पर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।घटना के दिन आमिर हुसैन अपने वाहन से घर जा रहा था। इसी दौरान गरीब नवाज चौक परिसर के पास तीन नकाबपोश आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। तीनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। आरोप है कि आरोपियों ने पहले आमिर के साथ गाली-गलौज और धमकी दी। इसके बाद डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से भी मारपीट की, जिससे आमिर घायल हो गया। वाठोड़ा पुलिस ने तीन अज्ञात नकाबपोश आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।





