– लकड़गंज पुलिस थाने की पहल,100 यूनिट रक्त संकलित
नागपुर :- लकड़गंज पुलिस थाने की पहल पर नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिव अमृत फाउंडेशन मित्र परिवार एवं महादेव संस्थान के सहयोग से आयोजित इस शिविर में नागरिकों के साथ पुलिसकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
जूनी मंगलवारी, घास बाजार और रामपेठ-लकड़गंज परिसर में आयोजित शिविर में कुल 100 यूनिट रक्त संकलित किया गया। संकलित रक्त डागा अस्पताल को उपलब्ध कराया गया है। इससे दुर्घटनाग्रस्त, गंभीर तथा आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। शिविर के दौरान रक्तदाताओं का पंजीयन, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया। लकड़गंज थाने के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर में पुलिस निरीक्षक मुकुंद कवाड़े, पीएसआई सागर भंडारी, हेड कांस्टेबल नरेंद्र गिरडे, प्रवीण डाबरे, संघदीप लांजेवार, गजानन गिरी, सूरज देशमुख, निखिलेश शेंडे सहित पुलिसकर्मी और बीट मार्शल उपस्थित रहे। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज चापले, कृष्णा कांबली, जीवन पराते, नीलेश रामगुणीवार, राहुल महादुले, अक्षय कोदलीकर, रोशन दामले और पवन सोनेकर समेत बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी रक्तदान कर शिविर को सफल बनाने में योगदान दिया।





