spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

आसान नहीं होगी ‘बाप्पा’ की डगर गणेशोत्सव से पहले गड्ढों की चुनौती

– मशीनरी की कमी बनी मनपा की परेशानी

नागपुर :- गणेशोत्सव शुरू होने में अब महज एक पखवाड़ा शेष है। 14 सितंबर से शुरू होने वाले 10 दिवसीय गणेशोत्सव से पहले शहर की गड्ढों से भरी सड़कों को दुरुस्त करना नागपुर महानगरपालिका के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। एक ओर मरम्मत कार्य को गति देने के निर्देश दिये गये हैं, वहीं दूसरी ओर आवश्यक मशीनरी और सामग्री की कमी काम में बाधा बन रही है। संसाधन बढ़ाने का प्रस्ताव फिलहाल मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर के कार्यालय में लंबित बताया जा रहा है।

शहर की सड़कों का रखरखाव अलग-अलग एजेंसियों के जिम्मे होने के बावजूद उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गणेशोत्सव से पहले सड़क मरम्मत और पुनर्स्थापना कार्य करने के निर्देश दिए हैं। हाल ही में हुई बैठक में मनपा की मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये ने सभी कार्यकारी अभियंताओं को अपने-अपने जोन की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। इससे पहले 17 अगस्त को उप मुख्यमंत्री शिंदे की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पारंपरिक तरीके से पैचवर्क करने के बजाय तेज और तकनीक आधारित मरम्मत पद्धतियों के इस्तेमाल पर जोर दिया गया था। इसके तहत इंस्टापैचर, जेटपैचर और कोल्ड-मिक्स तकनीक जैसे विकल्पों पर चर्चा हुई, ताकि कम समय में अधिक सड़कों की मरम्मत की जा सके और यातायात पर भी कम असर पड़े.

इन सड़कों को मिलेगी प्राथमिकता

मनपा की ओर से मुख्य मार्गों, आंतरिक एवं रिहायशी सड़कों, गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के मार्गों, विसर्जन स्थलों तक जाने वाली सड़कों तथा अधिक यातायात वाले मार्गों को प्राथमिकता देने की तैयारी है। अभियंताओं को क्षतिग्रस्त हिस्सों की पहचान कर सड़क की स्थिति के अनुसार उपयुक्त मरम्मत तकनीक चुनने के निर्देश दिये गये हैं।

मशीनरी की भारी कमी

हॉट मिक्स विभाग के पास आवश्यक मशीनरी की तुलना में उपलब्ध संसाधन काफी कम हैं। विभाग को जहां 10 टिप्परों की आवश्यकता है, वहीं वर्तमान में केवल 5 उपलब्ध हैं। इसी तरह आवश्यक 5 रोलरों में से सिर्फ 2 और 4 पिकअप वैन में से केवल 1 उपलब्ध है। गड्ढों की मरम्मत और सड़क रिसर्फेसिंग के लिए विभाग ने 4 अतिरिक्त पिकअप वैन खरीदने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा पांच टिप्पर, तीन रोलर, 980 मीट्रिक टन बिटुमिन और 150 यूनिट हिंकोल की व्यवस्था के लिए दो माह में करीब 3.61 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रस्ताव है। यह प्रस्ताव फिलहाल आयुक्त कार्यालय की मंजूरी की प्रतीक्षा में है।

मानसून में हॉट मिक्स प्लांट बंद

मानसून के दौरान हॉट मिक्स प्लांट आमतौर पर दो से तीन महीने तक बंद रहता है। यही वह अवधि होती है जब बारिश के कारण सड़कों पर गड्ढों की संख्या बढ़ जाती है और मरम्मत की सबसे अधिक जरूरत होती है। इस समस्या से निपटने के लिए मनपा ने अस्थायी गड्ढा मरम्मत के लिए कोल्ड-मिक्स डामर के इस्तेमाल का प्रस्ताव रखा है।

शहर में कुल 4,587.04 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है, जिसमें 2,772.25 किलोमीटर तारकोल की सड़कें हैं। इनमें से कुछ सड़कों का रखरखाव अन्य एजेंसियों के पास है। ऐसे में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय भी मनपा के लिए एक बड़ी चुनौती है। गणेशोत्सव के दौरान शहर में यातायात और लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए अब मनपा के सामने समय पर मशीनरी, निर्माण सामग्री और आवश्यक मंजूरियां उपलब्ध कराने की चुनौती है। प्रस्तावों में देरी होने पर त्योहार से पहले सभी प्रमुख मार्गों की मरम्मत पूरी करना मुश्किल हो सकता है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.