– कुही पुलिस ने आरोपी को दबोचा
नागपुर :- महाराष्ट्र नरबलि और अन्य अमानवीय, अनिष्ट एवं अघोरी प्रथाओं तथा जादू-टोना प्रतिबंधक कानून के तहत दर्ज मामले की जांच करते हुए कुही पुलिस ने अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गोपनीय जानकारी और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं उमरेड उप विभागीय पुलिस अधिकारी मयंक माधव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, सालवा निवासी प्रशांत बालू चाचेरकर (31) की शिकायत पर कुही पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ महाराष्ट्र नरबलि और अन्य अमानवीय, अनिष्ट एवं अघोरी प्रथाओं तथा जादू-टोना प्रतिबंधक कानून की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक, फरियादी के पिता का सालवा स्थित श्मशानभूमि में अंतिम संस्कार किया गया था। 25 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे जब परिवार के सदस्य राख लेने श्मशानभूमि पहुंचे, तो वहां राख के ऊपर पीले कपड़े से बनी एक गुड़िया, लाल-पीले रंग का धागा, एक बोतल में रखा पदार्थ, कुछ नींबू, कवड़ियां और अगरबत्ती दिखाई दी। इसके अलावा शोकसभा स्थल के पास बैठने की जगह पर कपड़े, मोजे, लाल-पीले रंग का धागा, एक जोड़ी जूते, नींबू और कवड़ियां भी मिलीं। उसी दिन शाम को फरियादी के घर के चारों ओर कटे हुए नींबू रखे हुए पाए गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुही पुलिस ने जांच तेज करते हुए गोपनीय जानकारी और तकनीकी सबूतों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। जांच में आरोपी का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना क्वार्टर्स नंबर 5, भिलगांव, नागपुर निवासी रामनरेश नथ्थू विश्वकर्मा (58) सामने आया। पुलिस ने 2 सितंबर 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 3 सितंबर 2026 तक पुलिस हिरासत रिमांड मंजूर किया गया है। मामले की आगे की जांच कुही पुलिस द्वारा की जा रही है।





