कुख्यात गैंग लीडर सुमित चिंतलवार पर लगा मकोका

0
30

नागपुर :- अजनी थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधी एवं गैंग लीडर सुमित रमेश चिंतलवार (32) के खिलाफ नागपुर पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई की है। सुमित फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को अजनी पुलिस ने सावित्रीबाई फुले नगर में आदित्य तेलगोटे के ठिकाने पर छापा मारकर 290.59 ग्राम एमडी मेफेड्रोन और दो मोबाइल फोन सहित कुल 14 लाख 90 हजार 950 रुपये का माल जब्त किया था। इस मामले में अजनी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22 (क) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। बरामद एमडी की मात्रा व्यावसायिक स्तर की बताई गई। जांच के दौरान पुलिस ने आदित्य भीमराव तेलगोटे (23), करण सुधीर गढ़लेवार (27) और नरेश उर्फ कांगारू कमलसिंग टेकाम (32) को गिरफ्तार किया। तीनों फिलहाल नागपुर जेल में हैं। जांच में मुख्य आरोपी के रूप में विश्वकर्मा नगर, अजनी निवासी सुमित रमेश चिंतलवार का नाम सामने आया, जो अब फरार है। पुलिस के मुताबिक सुमित चिंतलवार के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, वसूली, मारपीट, अवैध हथियार रखने, अपहरण, डकैती, गैरकानूनी जमावड़ा और मादक पदार्थ रखने जैसे गंभीर अपराधों के कुल 12 मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी उसके खिलाफ तीन मामलों में मकोका के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

वहीं, आदित्य तेलगोटे के खिलाफ सात, नरेश उर्फ कांगारू के खिलाफ तीन और करण गढ़लेवार के खिलाफ मादक पदार्थ से संबंधित एक मामला दर्ज है। इस तरह गिरोह के आरोपियों के खिलाफ कुल 19 गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किए जाने के बावजूद उनकी आपराधिक गतिविधियां जारी रहीं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष मकोका के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश के बाद गिरोह के खिलाफ मकोका की धारा 3(1) (ii), 3 (2) और 3 (4) के तहत कार्रवाई की गई है।मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस आयुक्त नरेंद्र हिवरे, अजनी विभाग कर रहे हैं।