कोयला खदान से डेटोनेटर की चोरी

0
24

– 2 जिंदा कमर्शियल डेटोनेटर और 12 मीटर लीड गेज वायर के साथ अरेस्ट

नागपुर :- लकड़गंज पुलिस ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो जिंदा कमर्शियल डेटोनेटर और करीब 12 मीटर लीड गेज वायर बरामद किया है। जब्त विस्फोटक सामग्री की विशेषज्ञों से जांच कराने पर उसके खतरनाक होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर छत्तीसगढ़ निवासी राजेंद्र रामलाल विश्वकर्मा (35) से पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से दो जिंदा कमर्शियल डेटोनेटर और करीब 12 मीटर लीड गेज वायर बरामद हुआ। पुलिस ने चोरी के एक मोबाइल फोन को भी जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वरोरा, जिला चंद्रपुर स्थित कोयला खदान में काम करता था। उसका दावा है कि एजेंट ने काम के पैसे नहीं दिए, जिसके बाद उसने खदान से डेटोनेटर और वायर चोरी कर लिए। हालांकि, पुलिस अब उसके इस दावे की भी जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने विस्फोटक सामग्री नागपुर क्यों लाई थी, उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और क्या इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। पुलिस आरोपी के संपर्कों और विस्फोटक सामग्री के स्रोत की भी जांच कर रही है।

सुरक्षा की दृष्टि से जब्त डेटोनेटर कोलटेक एनर्जी लिमिटेड, बाजारगांव में सुरक्षित जमा कराए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने पर 5 सितंबर 2026 तक पुलिस हिरासत मंजूर की गई है। न्यायालय से विस्फोटक सामग्री को नष्ट करने की अनुमति भी मिल गई है। पुलिस के बम शोधक एवं नाशक दस्ते तथा संबंधित कंपनी के सहयोग से इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की कार्रवाई प्रस्तावित है। वहीं, आरोपी द्वारा डेटोनेटर वरोरा की कोयला खदान से प्राप्त करने की जानकारी के आधार पर लकड़गंज पुलिस की टीम संबंधित खदान में जाकर इसकी जांच करने और आगे की कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।