– 12 आरोपी गिरफ्तार, सट्टा संचालक समेत दो फरार
नागपुर :- ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ नागपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस आयुक्त के विशेष एस्कॉर्ट पथक ने तहसील थाना क्षेत्र के पांचपावली इस्लामपुरा स्थित एक गोदाम में छापा मारकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 सीपीयू, 8 कॉइन मशीन, 6 प्रिंटर, 6 मोबाइल फोन और नकद रकम समेत करीब 4 लाख 80 हजार रुपये का माल जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 4.30 बजे एस्कॉर्ट पथक के प्रमुख सहायक पुलिस निरीक्षक भगवान कोली को ऑनलाइन सट्टा चलाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पहले रेलवे फाटक, पांचपावली इस्लामपुरा स्थित महादेव मंदिर के पास गोपाल राऊत के मकान क्रमांक 525 के गोदाम में पंचों की मौजूदगी में छापा मारा गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि गोदाम में एजाज शेख नामक व्यक्ति लोगों से पैसे लेकर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहा है। पुलिस के पहुंचते ही सट्टा संचालक एजाज शेख और प्रकाश शेख मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 12 लोगों को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में चार लोग ऑनलाइन सट्टा खिलाने तथा आठ लोग सट्टा खेलने में शामिल थे। पुलिस ने मौके से कंप्यूटर उपकरण, कॉइन मशीन, प्रिंटर, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की। कुल जब्त माल की कीमत करीब 4.80 लाख रुपये बताई गई है। मामले में फरार एजाज शेख और प्रकाश शेख समेत कुल 14 आरोपियों के खिलाफ तहसील पुलिस थाने में महाराष्ट्र जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।





