– कार-ऑटो और मोबाइल समेत 18.15 लाख का माल जब्त, एक फरार
नागपुर :- नशे के कारोबार के खिलाफ नागपुर पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी पथक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचपावली थाना क्षेत्र से 20 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 10 लाख 28 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के अलावा चार मोबाइल फोन, एक कार और एक ऑटो भी जब्त किया है। कार्रवाई में कुल 18 लाख 15 हजार रुपये के माल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थ विरोधी पथक ने मंगलवार की रात ताज नगर-टेका इलाके में मुस्लिम कब्रिस्तान के सामने सार्वजनिक सीमेंट रोड के पास कार्रवाई की। पंचों की मौजूदगी में संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने शेख इम्रान उर्फ बाबा, शेख आबीद उर्फ अबू, फैजान रजा और मोहम्मद जुनेद को गिरफ्तार किया है। वहीं हैप्पी उर्फ पाजी उर्फ हरप्रीत सैनी को फरार आरोपी बताया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शेख इम्रान का कथित तौर पर एनडीपीएस मामले में आरोपी अनिस ड्रम से रिश्तेदारी का संबंध है। पांचपावली पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई कहां से हो रही थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने में जुटी है।





