– बाबा जुमदेवजी की निकली पदयात्रा, नगराध्यक्ष महाजन समेत हजारों सेवक-सेविकाएं शामिल
सचिन चौरसिया,रामटेक :- व्यसनमुक्ति अभियान के अंतर्गत ‘भगवत कृपा षष्ठी’ के अवसर पर बुधवार,2 सितंबर को परमात्मा एक आनंदधाम में बाबा जुमदेवजी के स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगराध्यक्ष बिकेंद्र महाजन, अध्यक्ष ताराचंद भाजीपाले, पार्षद रजत गजभिए समेत हजारों सेवक-सेविकाओं ने सहभागिता की। महात्मा गांधी राज्य स्तरीय व्यसनमुक्ति पुरस्कार से सम्मानित तथा रामटेक के ब्रांड एंबेसडर लक्ष्मणराव मेहर (बाबूजी) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहें।
कार्यक्रम के तहत शहर के लंबे हनुमान मंदिर से परमात्मा एक आनंदधाम तक विशाल पदयात्रा निकाली गई। इसमें विभिन्न समूहों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पदयात्रा लंबे हनुमान मंदिर, गरोबाकाका चौक, गांधी चौक, अंबेडकर चौक और बस स्टैंड मार्ग से होते हुए आनंदधाम पहुंची।दोपहर 12 बजे अतिथियों के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान नगराध्यक्ष बिकेंद्र महाजन, आनंद मेहर, बजरंग मेहर, ताराचंद भाजीपाले और पार्षद रजत गजभिए ने उपस्थित सेवक-सेविकाओं को मार्गदर्शन दिया।

बाबा के बताए मार्ग पर चलें
नगराध्यक्ष बिकेंद्र महाजन ने कहा कि बाबा जुमदेवजी ने व्यसनमुक्ति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने सेवक-सेविकाओं से महानत्यागी बाबा जुमदेवजी के विचारों और बताए मार्ग पर चलने तथा समाजसेवा, मानवता और सभी धर्मों में समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्य, मानवता और सेवा के मार्ग को जीवन में अपनाकर समाजहित में कार्य करना चाहिए।
पदयात्रा के संबंध में पार्षद रजत गजभिए ने कहा कि रामटेक में इतनी भव्यता से आयोजित होने वाली यह पहली पदयात्रा है। कार्यक्रम के दौरान नगराध्यक्ष बिकेंद्र महाजन और लक्ष्मणराव मेहर (बाबूजी) ने गंभीर बीमारी से पीड़ित श्रीनिका रोहित मकाडे के उपचार के लिए आर्थिक सहायता करने की अपील की। उनकी अपील पर उपस्थित लोगों ने सहायता राशि एकत्रित की। कार्यक्रम का परिचय अर्चना अनकर ने दिया। संचालन सीमा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रश्मि ने किया।





