– शराबबंदी कानून के तहत 59 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
नागपुर :- आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए नागपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के मार्गदर्शन में काटोल उपविभाग के काटोल, नरखेड़ और जलालखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्रों में महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 93 के तहत कार्रवाई के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया।
इस दौरान उप विभागीय दंडाधिकारी, काटोल के समक्ष कुल 51 आरोपियों से अंतिम बंधपत्र तथा 8 आरोपियों से अंतरिम बंधपत्र लिए गए। अंतरिम बंधपत्र की राशि 50 हजार रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है। अंतिम बंधपत्रों में काटोल से 29, नरखेड़ से 12 और जलालखेड़ा से 10 बंधपत्र शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आगामी जन्माष्टमी, पोला, गणेशोत्सव और नवरात्रि के दौरान अवैध शराब की बिक्री, निर्माण और परिवहन पर रोक लगाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संभावित उपद्रवी व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही अवैध रूप से शराब की बिक्री, निर्माण या परिवहन करते पाए जाने पर 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
कार्रवाई के दौरान काटोल के उप विभागीय अधिकारी पीयूष चिवंडे, उप विभागीय पुलिस अधिकारी पराग पोते, काटोल के प्रभारी पुलिस निरीक्षक रणजीत शिरसाठ, जलालखेड़ा के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद जांभले तथा नरखेड़ की प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक मंगला मोकाशे उपस्थित थीं।





