– नेहरू पुतला चौक से पीली मारबत चौक तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
नागपुर :- आगामी मारबत उत्सव के मद्देनजर महापौर नीता ठाकरे, पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर के मार्गदर्शन में पुलिस एवं नागपुर महानगरपालिका प्रशासन ने संयुक्त रूप से मारबत मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नेहरू पुतला चौक से पीली मारबत चौक तक मार्ग का जायजा लेते हुए सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मारबत देखने के लिए कोई टिकट नहीं
मनपा की स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे ने स्पष्ट किया कि नागपुर महानगरपालिका द्वारा मारबत देखने के लिए किसी प्रकार का टिकट नहीं बेचा जा रहा है। नागरिकों को शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ने के उद्देश्य से मनपा की ओर से जनजागृति एवं प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
मारबत उत्सव के अवसर पर मारबत की तस्वीर अथवा नाम मुद्रित टी-शर्ट और बैंड भी उपलब्ध कराए गए हैं। इन्हें खरीदना पूरी तरह ऐच्छिक है। टी-शर्ट या बैंड खरीदने का मारबत देखने के प्रवेश से कोई संबंध नहीं है। मनपा ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अधूरी या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करने तथा मारबत उत्सव से संबंधित जानकारी के लिए मनपा के आधिकारिक माध्यमों को ही प्राथमिकता देने का आह्वान किया है।





