– अकोला से पहुंची विशेष खोजी टीम ने सोमवार सुबह निकाला शव
कोंढाली/कारंजा :- कारंजा (घाड़गे) थाना क्षेत्र के धोतीवाड़ा के पास स्थित मेट तालाब में रविवार को तैरने गए छह दोस्तों में से एक 17 वर्षीय यश चाफले पानी के तेज बहाव में डूब गया। रविवार शाम तक स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह अकोला से पहुंची विशेष आपदा एवं खोजी टीम ने तलाशी अभियान चलाकर यश का शव पानी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, कोंढाली और बाजारगांव के छह दोस्त रविवार दोपहर करीब 3 बजे मेट तालाब में तैरने के लिए गए थे। तालाब के ओवरफ्लो से नीचे गिर रहे पानी के तेज बहाव के कारण यश अचानक पानी के भंवर में फंस गया और डूब गया। उसके साथ मौजूद पांच अन्य किशोर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए और घटना की जानकारी परिजनों तथा पुलिस को दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। रविवार शाम तक स्थानीय गोताखोरों की मदद से यश की तलाश की गई। अंधेरा होने और क्षेत्र में घने जंगल के साथ वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए शाम करीब 7 बजे तलाशी अभियान रोक दिया गया।

सोमवार सुबह मिला शव
सोमवार सुबह कारंजा (घाड़गे) थाना प्रभारी प्रल्हाद मदान के नेतृत्व में अकोला से पहुंची विशेष टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की तलाश के बाद सुबह करीब 9 बजे गोताखोरों ने यश का शव बरामद कर लिया। हादसे में सुरक्षित बचे किशोरों की पहचान पार्थ प्रवीण चौधरी (16), आदित्य उत्तम घागरे (17), यश सुनील बोडे (17), जयकुमार महेंद्र झा (17) और यश संजय शेलके (17) के रूप में हुई है।
कारंजा (घाड़गे) पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





