नागपुर :- मानकापुर थाना क्षेत्र के गोधनी स्थित आरती टाउन के पीछे परिसर में शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद परिसर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय सविता बरखडे के रूप में हुई है। आरोपी पति की पहचान 30 वर्षीय सिवनी, मध्य प्रदेश निवासी शिवकुमार रमेश बरखडे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार शिवकुमार शराब पीने का आदी बताया जा रहा है और उसका पत्नी सविता के साथ अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार सुबह करीब 10.15 बजे दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान शिवकुमार ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी उठाकर सविता पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सविता की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद शिवकुमार का भाई कमरे पर पहुंचा तो सविता खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मानकापुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।





