नागपुर,संवाददाता :- अंबाझरी थाना क्षेत्र में देर रात हाथ में चाकू लेकर लोगों के बीच दहशत फैलाने वाले 20 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जूनी फुटाला बस्ती, अमरावती रोड, अंबाझरी निवासी तुषार रंजीत मेश्राम (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 3.20 से 3.55 बजे के बीच अंबाझरी पुलिस की जांच टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सुदाम नगरी स्थित ओपन जिम के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर हंगामा करता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया और उसके हाथ से चाकू छीनकर उसे निःशस्त्र किया। पंचों की मौजूदगी में पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम तुषार मेश्राम बताया। उसके कब्जे से चाकू बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी संज्ञेय अपराध को अंजाम देने के इरादे से हथियार लेकर घूम रहा था तथा उसने प्रतिबंधात्मक आदेश का भी उल्लंघन किया। पुलिसकर्मी सैयद हबीब अली की शिकायत पर अंबाझरी थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।





