– 32.05 लाख का चोरी का माल बरामद
नागपुर :- कपिलनगर थाना क्षेत्र के दीक्षित नगर में हुई बड़ी सेंधमारी का अपराध शाखा यूनिट-6 ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में अभी तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अब तक 32 लाख 5 हजार रुपये का सोना, चांदी और अन्य सामान बरामद किया है।
दीक्षित नगर स्थित प्लॉट नंबर 250 में शिकायतकर्ता महेश मोटवानी के घर को चोरों ने निशाना बनाया था। घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे आरोपियों ने 84 तोले सोने के आभूषण, करीब 900 ग्राम चांदी और नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। शिकायत के बाद कपिलनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अपराध शाखा यूनिट-6 ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर किशोर करवाडे, आर्यन मेश्राम, संतोष धामगाये और संगीता करवाड़े को गिरफ्तार किया। 15 अगस्त को हुई कार्रवाई में आरोपियों से 14 तोले सोना, 5 तोले चांदी, दस्तावेज, दोपहिया वाहन और चार मोबाइल समेत करीब 19.65 लाख रुपये का माल बरामद हुआ।इसके बाद 5 सितंबर को 8 तोले सोना और 7 सितंबर को फरदीन राजिक शेख को गढ़चिरोली से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 ग्राम सोना तथा 1210 ग्राम चांदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक कुल 32.05 लाख रुपये का माल जब्त किया जा चुका है। आरोपियों और बरामद माल को आगे की कार्रवाई के लिए कपिलनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।





