नागपुर :- कर्ज के बोझ और आर्थिक तंगी के चलते एक 38 वर्षीय व्यक्ति ने एटीएम तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। यह घटना वाड़ी थाना क्षेत्र के दत्तवाड़ी स्थित सुरक्षानगर में 10 सितंबर की देर रात सामने आई। पुलिस ने अपराध शाखा यूनिट-1 की मदद से आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मूल निवासी पश्चिम बंगाल और वर्तमान में मारुतिनगर, दत्तवाड़ी निवासी उत्तम भावेश महंतो (38) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार,10 सितंबर की रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच महंतो ने एक्सिस बैंक के एटीएम में प्रवेश किया। उसने लोहे की वस्तु से एटीएम मशीन का दरवाजा मोड़कर उसे तोड़ने और नकदी चोरी करने का प्रयास किया। इस दौरान एटीएम मशीन को नुकसान पहुंचा। इस मामले में हिताची पेमेंट सर्विसेस प्रा.लि. के चैनल एक्जीक्यूटिव नरेश श्यामराव नवले की शिकायत पर वाड़ी पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस और अपराध शाखा यूनिट-1 ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बजाज स्टील में काम करता है और कर्ज के कारण आर्थिक परेशानी में था। इसी वजह से उसने एटीएम तोड़कर चोरी करने की कोशिश की। पुलिस ने उसके कब्जे से एटीएम तोड़ने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला काले रंग का सामान बरामद किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।





