spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

टायर फटने से चलती बस में लगी आग

– बूटीबोरी-बोरखेड़ी हाईवे पर हादसा, सभी यात्री सुरक्षित

नागपुर/बूटीबोरी :- बूटीबोरी से करीब 10 किलोमीटर दूर बोरखेड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात हैदराबाद से नागपुर आ रही यात्री बस में अचानक आग लग गई। चलती बस का पिछला टायर फटने के बाद बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। चालक की सतर्कता से बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए।

जानकारी के अनुसार, टायर फटने का पता चलते ही चालक ने बस को तत्काल सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल गए। उनके बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं और कुछ ही समय में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। बस में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हाईवे पर बस के खड़े होने और आग की लपटों के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ तथा वाहनों की कतार लग गई। घटना की सूचना संबंधित प्रशासन को दी गई और आग बुझाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। प्राथमिक तौर पर बस में आग लगने का कारण पिछला टायर फटना बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.