– प्रस्तावित यूपीआई शुल्क के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
नागपुर :- यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित अतिरिक्त शुल्क के विरोध में प्रदेश उद्योग-व्यापार प्रकोष्ठ और मध्य नागपुर कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदर्शन किया गया। प्रदेश उद्योग-व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अतुल कोटेचा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यूपीआई भुगतान पर किसी भी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। अतुल कोटेचा ने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘डिजिटल इंडिया’ और नकद रहित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देते हुए लोगों को डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। ऐसे में यूपीआई भुगतान पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बढ़ती लागत और आर्थिक दबाव के बीच छोटे व्यापारी पहले से ही परेशान हैं। यूपीआई पर शुल्क लगने से व्यापारियों के साथ ही आम उपभोक्ताओं पर भी आर्थिक बोझ पड़ सकता है। कोटेचा ने सरकार से यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन में कैलाश जोगानी, गोविंद पसारी, पंकज मुनियर, अतुल लोंढे, वसीम खान, सैयदा निजाम अंसारी, सुहास नानवटकर, विवेक निकोसे, रोहित यादव, श्रीकांत ढोलके, रिंकू जैन और मेहुल आडवाणी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, नगरसेवक, कार्यकर्ता और व्यापारी शामिल हुए।
वित्त मंत्री का पुतला पुलिस ने जब्त किया
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का पुतला दहन करने के लिए नारेबाजी शुरू की। इसी दौरान पुलिस जवानों ने कार्यकर्ताओं से पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इसे लेकर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ऊपरी दबाव में शांतिपूर्ण आंदोलन को रोकने का प्रयास कर रही है।





