– मुख्यमंत्री फडणवीस का उद्यमियों से बड़े पैमाने पर निवेश का आह्वान
नागपुर :- नागपुर में देश का बड़ा सोलर मॉडल इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है। अगले 10 वर्षों में नागपुर को सोलर इकोसिस्टम का हब बनाने की दिशा में काम होगा। उद्यमियों को इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश करना चाहिए। ऐसा आह्वान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया।
मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त बूटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में अवाडा समूह का दौरा कर सोलर मॉडल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने उद्यमियों के साथ संवाद किया। इस दौरान अवाडा समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष विनीत मित्तल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए नागपुर में स्मार्ट इंडस्ट्री के लिए इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है। परियोजना के लिए 50 प्रतिशत से अधिक भूमि उपलब्ध हो चुकी है। अतिरिक्त बूटीबोरी क्षेत्र में सोलर मॉडल तैयार किया जा रहा है। अवाडा समूह के प्रोजेक्ट के विस्तार के लिए 250 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त बूटीबोरी क्षेत्र में अधिग्रहित जमीन समाप्त हो चुकी है। इसलिए तीसरा अतिरिक्त बूटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की जरूरत है। वर्धा जिले में नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। अवाडा के प्रोजेक्ट में स्मार्ट मॉड्यूल का निर्माण किया जा रहा है और वर्तमान में करीब 5,000 कामगार कार्यरत हैं।
2029 तक सस्ती बिजली का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने 2029 तक उद्योगों को सस्ती बिजली मिलने का भरोसा जताया। सोलर बैटरी स्टोरेज के जरिए 24 घंटे ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि गड़चिरोली में स्टील उद्योग के विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। समृद्धि महामार्ग से राज्य के पिछड़े क्षेत्रों में औद्योगिक विकास के लिए सुविधाएं विकसित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वाढवण बंदरगाह के विकसित होने से लॉजिस्टिक लागत कम करने में मदद मिलेगी।





