– ग्रापं पिंडकेपार के चार साल के विकास कार्यों और आर्थिक व्यवहारों की होगी जांच
देवेंद्र दमाहे,गोंदिया :- ग्राम पंचायत पिंडकेपार के पिछले चार वर्षों के विकास कार्यों, शासकीय निधि के उपयोग और आर्थिक व्यवहारों की जांच के आदेश जारी होने के बाद ग्रामस्थों ने 21 सितंबर को प्रस्तावित ‘ताला ठोको’ आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया है।
ग्रामवासियों ने पंचायत समिति और जिला परिषद प्रशासन से ग्राम पंचायत के कामकाज की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत में विकास कार्यों से संबंधित बिल-वाउचर, कैशबुक, माप पुस्तिका, बैंक पासबुक, ग्रामसभा तथा मासिक सभा की कार्यवाही सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की मांग की गई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए पंचायत समिति गोंदिया ने सहायक गट विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की है। टीम में विस्तार अधिकारी (पंचायत) निमजे और तिडके को शामिल किया गया है। टीम 23 सितंबर को दोपहर 12.30 बजे ग्राम पंचायत पिंडकेपार कार्यालय पहुंचकर प्रत्यक्ष स्थल निरीक्षण के साथ संबंधित दस्तावेजों की जांच करेगी।
ग्रामवासियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा जांच प्रक्रिया शुरू किए जाने के कारण आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया गया है। इसे स्थायी रूप से समाप्त नहीं किया गया है। 23 सितंबर को होने वाली जांच में सामने आने वाले तथ्यों और प्रशासन की कार्रवाई के आधार पर आगे की भूमिका तय की जाएगी।





