– मवेशी चराने निकले थे दोनों, बारिश से बचने मंदिर में रुके, वहीं मिला शव
नागपुर/सावनेर :- सावनेर तहसील में मौसम का कहर लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को बिजली गिरने और पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो ममेरे भाइयों की मौत के बाद शनिवार रात फिर बिजली गिरने से दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। दोनों मवेशी चराने के लिए खेतों की ओर गए थे और देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश शुरू की तो दोनों के शव तिष्टी (खुर्द) शिवार स्थित माता-मां मंदिर परिसर में मिले। दो दिनों में चार लोगों की मौत से क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहपा थाना क्षेत्र के तिष्टी (खुर्द) निवासी तिबुराज राजेराम कानफाड़े (64) और लक्ष्मण घनश्याम कानफाड़े (55) चचेरे भाई थे। दोनों शनिवार को मवेशी चराने के लिए खेतों की ओर गए थे। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 9 बजे दोनों तिष्टी (खुर्द) शिवार स्थित माता-मां मंदिर परिसर में मृत अवस्था में मिले। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश और बिजली से बचने के लिए दोनों मंदिर परिसर में रुके होंगे। इसी दौरान बिजली गिरने से उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। दोनों मृतकों के परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। एक साथ दो चचेरे भाइयों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर मोहपा पुलिस स्टेशन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कलमेश्वर के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो दिन में चार मौतें
सावनेर तहसील में पिछले दो दिनों में बिजली गिरने और पेड़ गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को सर्वोदय नगर में साहिल सत्तार शाह (24) की बिजली गिरने से मौत हुई थी। इसके कुछ समय बाद छोटी मस्जिद के पास आम का विशाल पेड़ गिरने से मुस्ताक गुलाम शेख (43) की जान चली गई थी। इसके बाद शनिवार रात तिष्टी (खुर्द) में दो चचेरे भाइयों की मौत ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।





